(AU)
प्रदेश सरकार ने पूर्व डीजीपी डॉ. प्रशांत कुमार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का नया अध्यक्ष बनाया है। यह आयोग बेसिक से लेकर एडेड माध्यमिक, एडेड महाविद्यालयों, अल्पसंख्यक कॉलेजों व अटल आवासीय विद्यालयों में शिक्षक भर्ती के लिए गठित किया गया है। नए अध्यक्ष की तैनाती के साथ ही आयोग में लंबित शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया को गति मिलेगी।
उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव गिरिजेश त्यागी की ओर से बुधवार को इससे संबंधित आदेश जारी किया गया है। वहीं प्रशांत कुमार ने ”अमर उजाला” से बातचीत में कहा कि उनकी प्राथमिकता आयोग में पारदर्शी तरीके व मेरिट से भर्तियों को पूरा कराना है। युवाओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए वह प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिन भर्तियों के अधियाचन आयोग को मिल चुके हैं, उनकी प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाएगी।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने अलग-अलग स्तर पर चल रही एडेड कॉलेजों की शिक्षक भर्तियों के लिए नए आयोग का गठन किया था। इसके लिए पांच सितंबर 2024 को गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रो. कीर्ति पांडेय को पहला अध्यक्ष बनाया गया था। किंतु लगभग एक साल बाद ही 22 सितंबर 2025 को उन्होंने व्यक्गित कारणों से अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं लंबी कवायद के बाद भी आयोग में भर्तियां नहीं शुरू हो पाई थीं। इसके लिए अभ्यर्थी लगातार धरना-प्रदर्शन भी कर रहे हैं।