बिहार विधानसभा की सरगर्मी तेज हो गई है। पार्टियां जमकर एक-दूसरे पर निशाना साध रही हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को ‘पप्पू’, ‘टप्पू’ और ‘अप्पू’ कहकर संबोधित करते हुए विपक्षी गठबंधन पर तीखा कटाक्ष किया। बिहार के दरभंगा के केवटी में एक रैली को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि राज्य में विपक्षी गठबंधन ने अपने पक्ष में प्रचार करने के लिए “तीन बंदरों” को बुलाया है। बिहार में योगी आदित्यनाथ की सभाओं की खूब डिमांड हो रही है और विरोधियों पर वो अपने अंदाज में ही जमकर निशाना साध रहे हैं।
सुरक्षा से समझौता करने का लगाया आरोप
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “जैसे महात्मा गांधी के तीन बंदर थे, वैसे ही आज इंडिया एलायंस ने पप्पू, टप्पू और अप्पू (राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव) के नाम पर तीन बंदरों को ले आया है। पप्पू सच नहीं बोल सकता और न ही कुछ अच्छा कह सकता है। टप्पू सच नहीं देख सकता और अप्पू सच नहीं सुन सकता।”
यूपी के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, आरजेडी और समाजवादी पार्टी पर बिहार में “अपराधियों को गले लगाने” और “घुसपैठियों को राज्य की सुरक्षा से समझौता करने की इजाजत देने” का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “ये लोग एनडीए के लोगों द्वारा किए गए विकास को नहीं देख सकते। ये तीनों लोग पारिवारिक माफियाओं से गले मिलते हैं और राज्य की सुरक्षा को बिगाड़ते हैं।”
2 चरण में होगा चुनाव
योगी ने विपक्ष पर जाति के आधार पर लोगों को बांटने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “बंदूकों और पिस्तौलों के बल पर उन्होंने बिहार की पूरी व्यवस्था को कलंकित कर दिया। ये वही लोग हैं जो आपको जाति के आधार पर बांटते हैं, घुसपैठियों को आमंत्रित करते हैं, आपकी आस्था के साथ छेड़छाड़ करते हैं और फिर राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करते हैं।
कांग्रेस और राजद, और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के रूप में उनके साथी, घोर हिंदू द्रोही, राम द्रोही और मां जानकी के विरोधी हैं। हम उन सभी के खिलाफ हैं जो भगवान राम और मां जानकी के खिलाफ हैं।” 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा और मतगणना 14 नवंबर को होगी।
