बिहार विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एंट्री हो गई है। उन्होंने बुधवार को सीवान जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने इस सीट से उम्मीदवार मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को मैदान में उतारने के लिए महागठबंधन की जमकर आलोचना की। बिहार विधानसभा चुनाव में राजद ने सीवान जिले की रघुनाथपुर विधानसभा सीट से ओसामा शहाब को उम्मीदवार बनाया है।
जमकर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति है, जबकि राजद ने एक ऐसे उम्मीदवार को मैदान में उतारा है जिसका परिवार आपराधिक पृष्ठभूमि का है। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “इस निर्वाचन क्षेत्र से राजद उम्मीदवार देश और दुनिया भर में अपने परिवार की आपराधिक पृष्ठभूमि के लिए जाना जाता है।” ओसामा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, “जैसा नाम वैसा काम।” साथ ही कहा कि यहां आकर मुझे आश्चर्य हुआ क्योंकि राजद ने जिस प्रत्याशी को यहां से टिकट दिया है, वह खानदानी आपराधिक पृष्ठभूमि के लिए पूरी दुनिया में कुख्यात रहा है।
राम मंदिर निर्माण का विरोध करने पर राजद को लगाई लताड़
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बिहार में राम मंदिर रथ यात्रा रोकने के लिए राजद की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राजद सीतामढ़ी में सीता मंदिर के निर्माण के भी खिलाफ है। उन्होंने कहा, “आज आप देख रहे होंगे कि राजद और उसके सदस्य अभी भी अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर भगवान राम के मंदिर का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने रथ यात्रा का विरोध किया। वे मां जानकी के भव्य मंदिर के निर्माण और सीतामढ़ी तथा आसपास के इलाकों में कॉरिडोर के विकास का भी विरोध कर रहे हैं।”
2005 से पहले अपराधी फल-फूल रहे थे
सीएम योगी ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में केवल अपराधी ही पनपते थे और महागठबंधन के सहयोगी उस युग को वापस लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “2005 से पहले नारा ‘सबका साथ, लेकिन परिवार का विकास’ हुआ करता था… अब वे बिहार में माफिया राज बढ़ाना चाहते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की है कि भारत मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा। हम समाज के सभी वर्गों का विकास करना चाहते हैं।”
