बिहार चुनाव से पहले बड़ी-बड़ी बातें करने वाले चुनाव रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर फंसते नजर आ रहे हैं। भारत के चुनाव आयोग ने प्रशांत किशोर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, क्योंकि उसे इस बात के सबूत मिले हैं कि उनका नाम बिहार और पश्चिम बंगाल, दोनों राज्यों की मतदाता सूची में दर्ज है। पहले ही चुनावी मैदान से पीछे हटने का ऐलान कर चुके प्रशांत किशोर के लिए यह नई मुश्किल परेशानी बन सकती है।
दो जगह है नाम
करगहर विधानसभा क्षेत्र (सासाराम, रोहतास जिला, बिहार) के रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, किशोर को करगहर में मतदान केंद्र संख्या 621 के तहत भाग 367 (मध्य विद्यालय, कोनार, उत्तरी खंड) में मतदाता के रूप में सूचीबद्ध किया गया है, जिसका EPIC (मतदाता पहचान पत्र) नंबर 1013123718 है। इसी समय, उनका नाम कथित तौर पर पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में भी दिखाई देता है, जिसका मतदान केंद्र सेंट हेलेन स्कूल, बी रानीशंकरी लेन है।
लग सकता है जुर्माना
जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 के तहत, कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता के रूप में नामांकित नहीं हो सकता। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि इस प्रावधान का उल्लंघन करने पर अधिनियम की धारा 31 के तहत दंड हो सकता है, जिसमें एक साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों शामिल हैं। किशोर को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है कि उनका नाम दो अलग-अलग राज्य मतदाता सूचियों में कैसे दर्ज हुआ।
