NDA गठबंधन में सीट शेयरिंग के ऐलान के बाद भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। भाजपा ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 71 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में कई दिग्गज नाम शामिल हैं, जिनमें बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे का भी नाम है। भाजपा बिहार में 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, ऐसे में आज 71 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है।
सम्राट चौधरी इस सीट से लड़ेंगे चुनाव
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर से चुनाव लड़ेंगे। यह सीट उनकी पारंपरिक सीट रही है। यहां से उनके पिता शकुनी चौधरी कई बार चुनाव जीत चुके हैं, वहीं उनकी माता भी यहां से विधायक रह चुकी हैं। बिहार के दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को लखीसराय से उम्मीदवार बनाया गया है।
मंगल पांडे सीवान से लड़ेंगे चुनाव
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे सीवान से चुनाव लड़ेंगे। पटना साहिब से बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव की जगह रत्नेश कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है। कुछ अन्य महत्वपूर्ण नामों में पार्टी के वरिष्ठ नेता राम कृपाल यादव शामिल हैं, जो दानापुर से चुनाव लड़ेंगे। प्रेम कुमार गया से, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद कटिहार से और आलोक रंजन झा सहरसा से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
