बिहार में चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। कौन कहां से चुनाव लड़ेगा, इसे लेकर धीरे-धीरे तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। इसी बीच बड़ी खबर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे की सीटों को लेकर सामने आई है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, इन दोनों नेताओं का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है और इनके लिए सीटों का चयन भी हो चुका है।
कहां से चुनाव लड़ेंगे सम्राट चौधरी
मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि BJP ने अभी अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान नहीं किया है, लेकिन सम्राट चौधरी के बड़े भाई रोहित चौधरी ने सम्राट चौधरी के तारापुर से चुनाव लड़ने की पुष्टि की है। तारापुर, सम्राट चौधरी की पारंपरिक सीट रही है। सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी इस विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक बन चुके हैं। इसके अलावा, उनकी मां पार्वती देवी भी एक बार यहां से विधायक रह चुकी हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, सम्राट चौधरी 16 अक्टूबर को अपना नामांकन कर सकते हैं।
मंगल पांडे यहां से ठोकेंगे ताल
सम्राट चौधरी के अलावा BJP के अन्य बड़े नेता भी बिहार विधानसभा में ताल ठोकते नजर आएंगे। जानकारी के मुताबिक, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे सिवान से चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल दोनों MLC हैं और BJP की कोशिश है कि इस बार के चुनाव में ज्यादा से ज्यादा MLC को विधानसभा चुनाव लड़वाया जाए।
दो चरणों में होगा चुनाव
बिहार में विधानसभा चुनाव इस बार दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा, वहीं दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी। इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में BJP और JDU 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
