(Jagran)
राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार और विदेशी कंपनियों को निवेश के लिए आकर्षित करने की रणनीति तैयार की है। इसके तहत थाईलैंड के बैंकॉक में 26 से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले पैसिफिक एशिया ट्रेवल एसोसिएशन की प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों के प्रचार के लिए स्टाल लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
इस प्रदर्शनी में पर्यटन विभाग बौद्ध सर्किट (सारनाथ, कुशीनगर और श्रावस्ती) के साथ ही वाराणसी, अयोध्या और अन्य पर्यटन स्थलों का प्रचार करेगा। स्टाल में एलईडी वाल स्क्रीन पर राज्य के पर्यटन स्थलों की जीवंत छवियां प्रदर्शित की जाएंगी। पर्यटक एआर (आग्युमेटेड रियलिटी) आधारित डिजिटल टच पैनल पर उत्तर प्रदेश के छह खूबसूरत स्थलों की पृष्ठभूमि में सेल्फी भी ले सकेंगे। स्टाल पर आने वाले आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की हस्तकला और ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) से परिचित कराया जाएगा।
इसके अलावा सरकार बैंकाक में एक दिन के अंतरराष्ट्रीय रोड शो का आयोजन भी करेगी। इस रोड शो में ट्रेवल के क्षेत्र से जुड़े 100 से अधिक प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। इस रोड शो का आयोजन बैंकाक के द वेस्टिन ग्रांड सुखमवित, बैंकाक मारियट मार्क्विस क्वीन्स पार्क या रैडिसन ब्लू प्लाजा जैसे होटल में होगा। सरकार ने उत्तर प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर चमकाने के लिए प्रचार रणनीति के तहत थाईलैंड के तीन प्रमुख टीवी और तीन रेडियो चैनलों पर 30 सेकंड की प्रचार सामग्री भी प्रसारित कराने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा, बैंकाक के हवाई अड्डों, मेट्रो स्टेशनों, माल और बस टर्मिनस जैसे 10 प्रमुख स्थानों पर भी प्रचार किया जाएगा। मोबाइल ऐप और वेबसाइट के प्रचार के लिए क्यूआर कोड और नवीनतम तकनीक का उपयोग होगा, जिससे पर्यटक आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकें और बुकिंग कर सकें।
