(Hindustan)
दिल्ली से सटे हरियाणा के जिलों में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद गुरुवार को जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए गुरुग्राम-दिल्ली बार्डर सील कर दिया। यह आदेश शुक्रवार सुबह 10 बजे से प्रभावी होंगे। इसके बाद रोज काम के सिलसिले में जाने वाले लोग आवागमन नहीं कर पाएंगे। आदेश में कहा गया है कि गुरुग्राम में जो लोग काम कर रहे हैं लेकिन वे यहां के निवासी नहीं है, उनके लिए प्रबंधन गुरुग्राम में रहने की व्यवस्था करे। जो गुरुग्राम वासी बाहर काम करते हैं वे लोग अपने प्रबंधन से वहीं पर आवास की व्यवस्था करवाएं। सोनीपत और फरीदाबाद बार्डर पहले से सील हैं।
आदेश के मुताबिक, सरकारी कार्यालयों के अधिकृत अधिकारी व कर्मचारी, प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय, वित्त, रक्षा, डाक विभाग, आपदा प्रबंधन और प्रारंभिक चेतावनी देने वाली एजेंसियां, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र, भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को अपना वैध पहचान पत्र दिखाने पर सीमा पार आवागमन की पहले की तरह अनुमति होगी, मगर इन्हें आरोग्य सेतु एप्प अपने मोबाइल में इंस्टॉल करना होगा और उसका प्रयोग करना होगा। इसके अलावा गुरुग्राम में प्रवेश करते समय इनकी थर्मल स्कैनिंग और रोग सूचक स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
