(Hindustan)
बारिश से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई राज्य की सड़कों के गड्ढे अगले 15 दिन में भर दिए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता आरसी पुरोहित ने सभी अधिशासी अभियंताओं को इसके निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्डे एक महीने में भरने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अब लोनिवि एचओडी की ओर से 15 दिन में सभी गड्डे भरने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के एचओडी आरसी पुरोहित ने बताया कि 15 दिन में काम पूरा नहीं करने वाले इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि अगले एक दो दिन में देहरादून की सभी सड़कों के गड्डे भर दिए जाएंगे।
बद्रीनाथ धाम में लगने वाले जाम से निजात दिलाने व श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने पहली किश्त के तौर पर 11.77 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं। पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बद्रीनाथ धाम में सुविधांए बढ़ाने के लिए केंद्र ने प्रसाद योजना के तहत 39.23 करोड़ का प्रोजेक्ट मंजूर किया है। केंद्र ने इसकी 11.77 करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी कर दी है। इस धनराशि से धाम में पार्किंग काम्प्लेक्स, श्रद्धालु सुविधा केंद्र समेत अन्य काम कराए जाएंगे।
