राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। दिल्ली-NCR में सीएनजी की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी कर दी गई है। पिछले 48 घंटों के भीतर यह दूसरी बार है जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। नई दरों के अनुसार अब दिल्ली में सीएनजी 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम बिकेगी, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमत बढ़कर 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है।
इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी के दामों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों ने ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। रोजाना सीएनजी पर निर्भर लाखों लोगों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ेगा। केवल सीएनजी ही नहीं, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी हाल ही में बढ़ोतरी की गई थी। 15 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में 3-3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई।
देश के अन्य बड़े शहरों में भी ईंधन की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 106.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच चुका है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से परिवहन लागत बढ़ने की आशंका है, जिसका असर आने वाले दिनों में आम उपभोक्ताओं पर भी दिखाई दे सकता है।
