(Jagran)
प्रदेश के 12 जिलों में निर्माणाधीन लघु सेतुओं का निर्माण इसी वर्ष पूूरा करने का लक्ष्य लोक निर्माण विभाग को शासन ने दिया है। इनके निर्माण को पूरा करने के लिए 37.82 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी शासन ने दे दी है। इन लघु सेतुओं में सर्वाधिक आठ सेतु शामली में हैं।
इस राशि से गोरखपुर व चित्रकूट में चार-चार, जालौन, बहराइच व बाराबंकी में दो-दो और संत कबीर नगर, झांसी, श्रावस्ती, गाजीपुर, प्रयागराज, सिद्धार्थ नगर में एक-एक लघु सेतु का निर्माण पूरा किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 781 लघु सेतुओं के निर्माण को कार्ययोजना में शामिल किया था। इनके निर्माण पर 1,443 करोड़ रुपये खर्च किया जाना है। पिछले वर्ष की कार्ययोजना देरी से तैयार होने के कारण तमाम लघु सेतुओं का निर्माण शुरू नहीं कराया जा सका था। विभागीय मंत्री होने के नाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फटकार भी लगाई थी।
उन्होंने निर्देश दिए थे कि स्थानीय जन प्रतिनिधियों की राय लेकर संबंधित जिला प्रशासन की स्वीकृति के बाद लघु सेतुओं के निर्माण को कार्ययोजना में शामिल किया जाए। इसके बाद नए सिरे से लोक निर्माण विभाग ने कार्ययोजना तैयार की थी।
जिन लघु सेतुओं का निर्माण शुरू हो चुका है उनका निर्माण इसी वर्ष पूूरा कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को कार्ययोजना के अनुसार शासन ने संबंधित राशि की स्वीकृति प्रदान करनी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में जालौन, झांसी, श्रावस्ती, गाजीपुर, प्रयागराज, सिद्धार्थ नगर, चित्रकूट, शामली, गोरखपुर में बनने वाले लघु सेतुओं के लिए 20.96 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इसी प्रकार संत कबीर नगर में बनने वाले लघु सेतु के लिए 10.87 करोड़ रुपये, बहराइच में बनने वाले दो लघु सेतुओं के लिए 2.58 करोड़ रुपये व बाराबंकी में बनने वाले दो लघु सेतुओं के लिए 3.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
