(AU)
रियासत में निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए सोमवार को मतदान होगा। आपके हाथ में मौका है कि आप घर से निकलकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार के लिए वोट करें। मतदान सुबह सात से शाम चार बजे तक चलेगा। चुनाव के लिए घाटी के साथ ही पूरे जम्मू संभाग में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई हैं। मतदान की समाप्ति के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी शालीन काबरा ने बताया कि पहले चरण में पूरी रियासत में 321 वार्डों के लिए चुनाव होने हैं। इनमें 1204 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जम्मू संभाग में 1000, कश्मीर में 138 व लद्दाख में 66 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। जम्मू संभाग में 238 व कश्मीर संभाग में 83 वार्ड के लिए चुनाव होंगे। जम्मू नगर निगम के 75 वार्ड के लिए 400301 मतदाता मतदान करेंगे। यहां 447 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में कुल 586064 मतदाता वोट डालेंगे। कश्मीर संभाग में 150 व जम्मू संभाग में 670 मतदान केंद्रों पर वोट पड़ेंगे। कश्मीर में 138 व जम्मू में 52 केंद्रों को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। पहले चरण में 78 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
