दिवाली के बाद सभी पार्टियां अपने-अपने चुनावी अभियान को तेज कर रही हैं। इसी कड़ी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज से चुनावी प्रचार का आगाज करेंगे। बिहार में इस बार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होने वाला है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान होगा, वहीं दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोटिंग होगी।
मुजफ्फरपुर से करेंगे आगाज
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज मुजफ्फरपुर से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री आज दो रैलियां करेंगे। पहली रैली मुजफ्फरपुर के मीनापुर हाई स्कूल मैदान में होगी, वहीं दूसरी रैली कांटी विधानसभा क्षेत्र में होगी। मीनापुर से JDU उम्मीदवार अजय कुशवाहा मैदान में हैं, जबकि कांटी विधानसभा से JDU उम्मीदवार अजीत कुमार चुनावी मैदान में हैं।
पीएम मोदी 24 अक्टूबर से करेंगे आगाज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अक्टूबर को बिहार में चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। पीएम मोदी 24 अक्टूबर को कर्पूरी ठाकुर के गांव से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इसी दिन वे समस्तीपुर और बेगूसराय में जनसभा को संबोधित करेंगे।
कई दिग्गज करेंगे प्रचार
बिहार चुनाव में NDA के कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे। गृह मंत्री अमित शाह की रैलियां बिहार में कई स्थानों पर होंगी। इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी भी चुनाव प्रचार में शामिल होंगे। मुख्यमंत्रियों की बात करें तो योगी आदित्यनाथ ने अपना प्रचार शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में कई रैलियों को संबोधित करेंगे।
इसके अलावा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी प्रचार अभियान में नजर आएंगी। वहीं कृषि मंत्री शिवराज सिंह समेत कई अन्य नेता भी चुनाव प्रचार में भाग लेंगे।
