(DJ)
भारत के विमानन उद्योग में क्रांति का नया आगाज हो गया है। देश के पहले बायोफ्यूल विमान ने देहरादून से दिल्ली के बीच उड़ान भर इतिहास रच दिया। आने वाले दिनों में बायो फ्यूल से न केवल तेल आयात पर देश की निर्भरता कम होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा। इस खास अवसर के लिए विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने टर्बोपार्प क्यू 400 विमान तैयार किया था। विमान को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया।
इस एतिहासिक उड़ान के लिए रविवार से ही तैयारियां की जा रही थीं। रविवार को बायोफ्यूल विमान का परीक्षण किया गया। इसके लिए विमान ने दून के आकाश पर करीब दस मिनट तक उड़ान भरी। सफल उड़ान के बाद विमान देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरा तो अफसरों के चेहरे खिले हुए थे। सोमवार को भारतीय पेट्रोलियम संस्थान के वैज्ञानिक, नागरिक उड्डन महानिदेशालय और स्पाइस जेट के अधिकारियों को लेकर विमान पूर्वाह्न 10.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
