प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के छपरा और मुजफ्फरपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राजद पर जमकर हमला बोला। उन्होंने युवा मतदाताओं से कहा, “आपके माता-पिता ने ‘जंगल राज’ खत्म करने के लिए वोट दिया था, अब आपको एक समृद्ध बिहार के लिए वोट देना है।” जिस छपरा में प्रधानमंत्री मोदी ने आज रैली को संबोधित किया, वह बिहार में काफी हॉट सीट बन गई है।
बदल सकता है समीकरण
छपरा विधानसभा से राजद ने खेसारी लाल यादव को चुनाव मैदान में उतारा है, वहीं भाजपा ने छोटी कुमारी को टिकट दिया है। इस सीट की चर्चा काफी हो रही है। हालांकि पीएम मोदी की रैली के बाद इस सीट का समीकरण बदलता नजर आ रहा है। पहले से ही भाजपा के लिए मजबूत रही इस सीट को पीएम मोदी की मौजूदगी ने और मजबूती दी है। यहां से पिछले दो बार से भाजपा का ही विधायक रहा है। भाजपा ने दो बार के विधायक सीएन गुप्ता की जगह छोटी कुमारी को मैदान में उतारा है। सीएन गुप्ता भी भाजपा के पक्ष में जमकर प्रचार कर रहे हैं।
6 नवंबर को होगा मतदान
छपरा विधानसभा में वोटिंग 6 नवंबर को होगी। पहले चरण में ही यहां मतदान होना है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पीएम मोदी की रैली के बाद यह विधानसभा सीट भाजपा के लिए कितना मजबूत किला बनती है। छपरा के अलावा पीएम मोदी ने सारण जिले की अन्य सीटों पर भी अपना प्रभाव छोड़ा है। भाजपा अपने मजबूत किलों को और मजबूत करने के लिए पीएम मोदी को मैदान में उतार चुकी है।
