प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को एक बार फिर बिहार का दौरा करेंगे। इस दौरान वे बिहार में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने समस्तीपुर और बेगूसराय का दौरा किया था और चुनावी राज्य में दो रैलियों को संबोधित किया था। शुक्रवार को उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की थी। समस्तीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, “लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बज चुका है। पूरा बिहार कह रहा है, ‘फिर एक बार एनडीए सरकार’, ‘फिर एक बार सुशासन सरकार’। जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार।”
दो जगह करेंगे प्रचार
पीएम मोदी का पहला कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में होगा। मुजफ्फरपुर के बाद दोपहर करीब 1 बजे उनका दूसरा कार्यक्रम छपरा में होगा। इन दो कार्यक्रमों के बाद नवंबर में उनके प्रचार अभियान जारी रहेंगे। बिहार में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
कई नेता कर रहे प्रचार
पीएम मोदी के अलावा भाजपा के कई नेता भी मैदान में उतर चुके हैं। गृह मंत्री अमित शाह लगातार बिहार का दौरा कर रहे हैं और चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मैदान में हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आज सीवान के रघुनाथपुर में रैली को संबोधित किया और तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। छठ पूजा बीत जाने के बाद चुनावी माहौल अब रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे।
