छठ पूजा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार में अपनी पहली रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर और छपरा में जनसभा को संबोधित किया। मुजफ्फरपुर में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला किया और उन पर “छठी मैया का अपमान” करने तथा बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं का अनादर करने का आरोप लगाया।
बिहार का कोई भी व्यक्ति नहीं भूल सकता अपमान
पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस और राजद छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। क्या चुनाव में वोट के लिए कोई छठी मैया का अपमान कर सकता है? क्या बिहार और देश की जनता इसे बर्दाश्त करेगी?” मोदी ने पूछा, तो भीड़ ने समर्थन में नारे लगाए। उन्होंने कहा, “बिहार के लोग अपनी आस्था पर हुए इस तरह के अपमान को कभी माफ नहीं करेंगे।”
छठी मैया की भक्ति और सहनशीलता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “जो महिलाएं इतना लंबा निर्जला व्रत रखती हैं, जो गंगा जी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देती हैं, वो राजद-कांग्रेस की नजर में नाटक कर रही हैं। क्या बिहार की माताएँ-बहनें छठी मैया का यह अपमान बर्दाश्त करेंगी? मैं जानता हूँ कि बिहार का कोई भी व्यक्ति इस अपमान को नहीं भूल सकता।”
यूनेस्को की सांस्कृतिक विरासत के लिए सरकार कर रही कोशिश
प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि उनकी सरकार छठ महापर्व के लिए यूनेस्को की सांस्कृतिक विरासत का दर्जा हासिल करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने इसे “पवित्रता, अनुशासन और भक्ति” का प्रतीक बताया। हमले को आगे बढ़ाते हुए मोदी ने राजद-कांग्रेस गठबंधन को कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और भ्रष्टाचार द्वारा परिभाषित बताया। उन्होंने राजद शासन के दौरान बिहार के अपराध-ग्रस्त अतीत को याद दिलाते हुए कहा, “जहां कट्टा है, जहां क्रूरता का शासन है, वहां कानून टूट जाता है।”
राहुल गांधी के आरोप पर आया पीएम मोदी का जवाब
प्रधानमंत्री मोदी का यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बिहार में अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए मोदी पर हमला बोलने और उन पर “वोटों के लिए कुछ भी करने” का आरोप लगाने के एक दिन बाद आया है। उसी शहर में राजद के तेजस्वी यादव के साथ एक संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने छठ पूजा के दौरान प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाया था। राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा था,
“अगर आप नरेंद्र मोदी से कहेंगे कि आपके वोट के बदले नाचो, तो वो मंच पर नाचेंगे।” गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी का इस त्योहार से जुड़ाव सिर्फ दिखावा है। राहुल गांधी के इन्हीं आरोपों का आज बिहार से प्रधानमंत्री मोदी ने अपने अंदाज में जवाब दिया है।
