बिहार विधानसभा चुनाव का आखिरकार फाइनल रिजल्ट आ गया है। इस चुनाव में भाजपा गठबंधन एक बार फिर सरकार बनाते नजर आ रहा है। वहीं राजद गठबंधन को बड़ी हार मिली है। इस जीत का श्रेय एनडीए गठबंधन PM मोदी को दिया जा रहा है, वहीं नीतिश कुमार की भी खूब चर्चा हो रही है। इसके अलावा बिहार चुनाव में सबसे चर्चित चेहरों में शामिल प्रशांत किशोर को शून्य सीटें मिली हैं और इस चुनाव में वह खाता खोलने में भी कामयाब नहीं रहे।
NDA को मिला पूर्ण बहुमत
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को एक बार फिर पूर्ण बहुमत मिला है। इस चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा और जदयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रहे थे। भाजपा को इनमें से 89 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा जदयू को 85 सीटें, वहीं चिराग पासवान को 19 सीटें मिली हैं। इसके अलावा जीतन राम मांझी की पार्टी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी भी जीतने में कामयाब रही हैं।
महागठबंधन का बुरा हाल
इस चुनाव में सबसे बुरा हाल महागठबंधन का रहा। महागठबंधन का प्रदर्शन इस चुनाव में बेहद कमजोर दिखा। राजद, कांग्रेस और लेफ्ट की पार्टियां इस चुनाव में कोई कमाल नहीं दिखा पाईं। राजद को जहां 25 सीटें मिलीं, वहीं कांग्रेस 6 सीटों पर सिमट गई। इसके अलावा लेफ्ट की पार्टियां भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाईं, जो 2020 के चुनाव में कर पाईं थीं। कुल मिलाकर देखें तो एक बार फिर बिहार में एनडीए की वापसी हो रही है और महागठबंधन को बड़ी शिकस्त मिली है।
