बिहार विधानसभा चुनाव में आखिरकार वह दिन आ गया, जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार था। आज विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रूझानों में एनडीए बंपर बहुमत के साथ सरकार बनाती नजर आ रही है। बिहार में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का जादू साफ तौर पर चलता दिख रहा है। इस चुनाव में महिला वोटर एक बड़ा फैक्टर साबित हुईं और उन्होंने एकतरफा एनडीए के पक्ष में जमकर मतदान किया।
193 सीटों पर एनडीए आगे
दोपहर 12:30 बजे तक के रूझानों में एनडीए स्पष्ट रूप से आगे दिखाई दे रही है। भारतीय जनता पार्टी बिहार की सबसे बड़ी पार्टी बनकर 86 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि नीतिश कुमार की पार्टी जदयू 78 सीटों पर आगे है। इसके अलावा चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (रामविलास) को भी बड़ी सफलता मिलती दिख रही है, जो 21 सीटों पर आगे है। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें केवल 1 सीट मिली थी। वहीं जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टियां कुल 8 सीटों पर आगे चल रही हैं।
महागठबंधन का बुरा हाल
रूझानों में महागठबंधन का प्रदर्शन काफी कमजोर नजर आ रहा है। दोपहर 12:30 बजे तक महागठबंधन 45 सीटों पर आगे है। इनमें राजद 32 सीटों पर, कांग्रेस 5 सीटों पर और अन्य सहयोगी दल 8 सीटों पर आगे हैं। चुनाव से पहले महागठबंधन में जो मतभेद देखने को मिले थे, उनका सीधा असर नतीजों पर दिख रहा है। इसके अलावा बिहार चुनाव में चर्चा में रही प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज अब तक खाता खोलने के लिए संघर्ष करती दिख रही है।
