Bihar Elections 2025: भोजपुरी सिनेमा और संगीत जगत के चर्चित सितारे पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही तमाम राजनीतिक अटकलों पर विराम लगाते हुए एक स्पष्ट बयान जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट के माध्यम से यह साफ कर दिया कि वे इस बार चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे।
सोशल मीडिया पर किया बड़ा ऐलान
पवन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मैं पवन सिंह अपने भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूं कि मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और ना ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।”
इस बयान के साथ उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि बीजेपी से उनकी जुड़ाव विचारधारा और समर्थन के स्तर पर है, न कि चुनावी टिकट के लिए।
https://x.com/PawanSingh909/status/1976878154628382872
राजनीतिक चर्चाओं पर लगा विराम
बीते दिनों पवन सिंह की बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े, ऋतुराज सिन्हा और उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात के बाद दिल्ली में अमित शाह और जेपी नड्डा से भी उनकी भेंट हुई थी। इन मुलाकातों के बाद यह अटकलें तेज हो गई थीं कि वे आरा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन अब उनके खुद के बयान ने इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया है।
बिहार चुनाव 2025: चिराग पासवान ने 40 सीटों की मांग छोड़ी, 25 सीटों पर बनी सहमति
निजी जीवन में विवादों के बीच आया बयान
पवन सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है जब वे अपनी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे कानूनी और निजी विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में ज्योति सिंह ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके अलावा, शुक्रवार को उन्होंने जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से शेखपुरा स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी। हालांकि, ज्योति सिंह ने इस मुलाकात को चुनावी मकसद से जोड़ने की बात को नकार दिया।
