बिहार विधानसभा चुनाव में नामांकन करवाने और नामांकन वापस लेने की तारीख समाप्त हो चुकी है। इसी बीच कई ऐसे प्रत्याशी हैं जिनका नामांकन कई वजहों से खारिज हो गया है। कुछ ऐसा ही देखने को मिला चिराग पासवान के खाते में गई एक सीट पर, जहां उनके प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया। हालांकि NDA ने अब इस सीट पर एक निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया है। शनिवार को पटना में आयोजित NDA की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी गई।
कौन सी है सीट
सारण जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट पर चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) ने सीमा सिंह को मैदान में उतारा था। हालांकि बाद में उनका नामांकन रद्द हो गया। NDA ने इस सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे अंकित कुमार को समर्थन देने का ऐलान किया है। इस सीट से सीमा सिंह की उम्मीदवारी की भी खूब चर्चा हुई थी। अब जब उनका नामांकन रद्द हो गया है, ऐसे में NDA ने एकजुटता के साथ यह फैसला लिया है।
कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रही है चिराग पासवान की पार्टी
बिहार विधानसभा चुनाव में सबसे पहले सीट शेयरिंग का ऐलान NDA ने किया था। इस सीट शेयरिंग फॉर्मूले के तहत चिराग पासवान की पार्टी को 29 सीटें मिली थीं। हालांकि एक नामांकन रद्द होने के बाद उनकी पार्टी अब 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं BJP और JDU 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि जीतन राम मांझी की पार्टी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।
दो चरणों में होगा मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव इस बार दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा, जिसमें 121 सीटों पर मतदान होगा। जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा और इस दौरान 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी। इसी दिन यह साफ हो जाएगा कि बिहार में किसकी सरकार बनने वाली है।
