(AU)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर रात शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। सीएम योगी ने प्रयागराज, कौशांबी, कानपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, वाराणसी, अयोध्या, मीर्जापुर, जौनपुर, चित्रकूट, बांदा, प्रतापगढ़, भदोही, रायबरेली, गोरखपुर, महोबा और लखनऊ आदि जिलों में तैनात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और मंडलायुक्तों के साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष बैठक की।
उन्होंने महाकुंभ की व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सीएम योगी ने कहा कि आगामी 12 फरवरी को महाकुंभ का पंचम स्नान पर्व ‘माघ पूर्णिमा’ का अवसर आने वाला है। एक सप्ताह से प्रयागराज में हर दिशा से श्रद्धालुओं का आवागमन तेजी से बढ़ा है। सार्वजनिक परिवहन के अलावा बड़ी संख्या में निजी वाहनों से भी श्रद्धालु आ रहे हैं। स्नान पर्व पर इसमें और अधिक बढ़ोतरी संभावना है। इसको देखते हुए बेहतर ट्रैफिक और क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया जाए। प्रयागराज की सीमा पर बने पार्किंग स्थलों को प्रभावी रूप से संचालित करें। पांच लाख से अधिक क्षमता की वाहन पार्किंग व्यवस्था है, इसका उपयोग करें।
