Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। राजनीतिक हलकों में इस बार सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लगने जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है और जल्द ही सीटों का आधिकारिक एलान किया जाएगा।
इसी क्रम में, सोमवार 13 अक्टूबर को बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की अहम बैठक होगी, जिसमें बिहार विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगेगी। इससे पहले, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर कल सुबह 11 बजे बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक होगी। जिसमें कौन कितनी सीटे लड़ेगा इसका ऐलान हो सकता है।
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार शाम को इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि NDA के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है , चिराग पासवान जी ने भी प्रदेश में एनडीए सरकार बनाने के लिए कमर कस ली हैऔर अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। जायसवाल ने यह जानकारी मुजफ्फरपुर के पूर्व सांसद अजय निषाद की बीजेपी में घर वापसी के मौके पर दी।
बिहार चुनाव 2025: चिराग पासवान ने 40 सीटों की मांग छोड़ी, 25 सीटों पर बनी सहमति
जायसवाल ने कहा, “NDA में कोई नाराजगी नहीं है, सभी दलों के बीच सहमति बन गई है। हमें पूरा विश्वास है कि इस बार भी बिहार में NDA की ही सरकार बनेगी।” उन्होंने साथ ही दावा किया कि विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता जल्द ही बीजेपी में शामिल होने वाले हैं।
इस बीच, जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने भी शनिवार, 11 अक्टूबर को पटना स्थित अपने कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने की घोषणा की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह इसमें मौजूद रहेंगे। संभावना है कि जेडीयू अपने हिस्से में आई सीटों और प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी कर सकती है।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 122 सीटों का बहुमत जरूरी है। ऐसे में NDA के भीतर सीटों का यह फॉर्मूला 2025 के चुनावी समीकरणों को निर्णायक रूप से प्रभावित करेगा।
