(AU)
मानसून आगमन के तीसरे दिन से गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। सोमवार को गंगा के जलस्तर में हर घंटे दो सेंटीमीटर की वृद्धि हुई और जल स्तर 58.99 मीटर पर पहुंच गया। सेंट्रल वाटर कमीशन के मुताबिक, रविवार के बाद की पूरी रात हुई 34 मिलीमीटर की बारिश ने भी गंगा की लहरों में तेजी ला दी है। वहीं सोमवार की सुबह सड़कों पर जलभराव और गलियों में कीचड़ हो गया।
सोमवार को दिन में तेज धूप के बीच-बीच में बादल भी छाये। इससे उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। सोमवार को काशी का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री नीचे 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री नीचे 26.3 डिग्री सेल्सियस तक गया। हवा भी 16 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बनारस में आज से तीन दिनों तक बारिश यलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक के साथ बारिश और 20 किमी प्रति घंटे की गति से हवा बहने के आसारी हैं। उत्तर प्रदेश आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय है। अगले 3-4 दिन तक अच्छी बारिश के आसार हैं।
