दिवाली बीतते ही भाजपा एक्टिव मोड में नजर आ रही है। पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री आज से बिहार चुनाव में प्रचार को रफ्तार देंगे। पीएम मोदी गुरुवार शाम को मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत युवाओं से संवाद करेंगे। इस दौरान चुनावी तैयारियों को रफ्तार देंगे। इसके अलावा पीएम मोदी बिहार चुनाव में 24 अक्टूबर से प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।
24 अक्टूबर को दो रैलियों को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में 24 अक्टूबर से प्रचार का आगाज करेंगे। इस दिन वह दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। 24 अक्टूबर को पीएम मोदी समस्तीपुर और बेगूसराय से अपना चुनाव अभियान शुरू करेंगे। पीएम मोदी की पहली रैली कर्पूरी ठाकुर की धरती समस्तीपुर से होगी। इसके अलावा मोदी 30 अक्टूबर को भी बिहार का दौरा करेंगे। इस दौरान वह छपरा और मुजफ्फरपुर में प्रचार करेंगे।
अमित शाह भी करेंगे रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री 24 अक्टूबर को बिहार के सीवान और बक्सर में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। इससे पहले अमित शाह बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर जा चुके हैं।
कई दिग्गज होंगे मैदान में
बिहार चुनाव में छठ के बाद कई दिग्गज नेता मैदान में होंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी चुनाव प्रचार में नजर आएंगे। इसके अलावा कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी प्रचार में शामिल होंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
