बिहार विधानसभा चुनाव अपने अंतिम दौर में प्रवेश कर चुका है। पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद अब आखिरी चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था और मतगणना 14 नवंबर, 2025 को होगी। वर्तमान बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर, 2025 को समाप्त हो रहा है और दोनों चरणों में कुल 2,616 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
122 सीटों पर होगा मतदान
दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार-प्रसार समाप्त हो गया है। दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान हुआ था। मतदान सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। शाम 5 बजे तक लाइन में लग चुके मतदाताओं को भी वोट डालने की अनुमति दी जाएगी।
पहले चरण में दमदार वोटिंग
चुनाव आयोग ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ, जो राज्य के इतिहास में सबसे अधिक है। 6 नवंबर को कुल 3.75 करोड़ मतदाता 45,341 मतदान केंद्रों पर वोट डालने के पात्र थे, जिनमें से 36,733 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित थे। पहले चरण में 1,314 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हुआ, जिनमें 1,192 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल थीं।
