(AU)
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य चयन बोर्ड की तरफ से निकाली गई टीजीटी की भर्ती में अभ्यर्थियों को उम्र में दो साल की छूट दी जाएगी। हाल ही में बोर्ड ने टीजीटी आर्ट्स, मेडिकल और नॉन मेडिकल के 267 पदों के लिए भर्ती निकाली है। इसमें आयु सीमा 45 वर्ष निर्धारित की गई है, लेकिन भ्रष्टाचार के अड्डे अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड को भंग किए जाने के कारण भर्ती नहीं हुई थी। इसके चलते अब जो अभ्यर्थी 47 वर्ष की आयु के हो चुके हैं उन्हें भी भर्ती में शामिल होने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके साथ ही जेबीटी के एक हजार पद भरने जा रहे हैं।
सुक्खू ने कहा कि देहरा में वर्तमान सरकार ने कई बड़े कार्यालय खोले गए हैं। देहरा विस क्षेत्र में आने वाले समय में राज्य कर एवं आबकारी विभाग का कार्यालय भी खुलेगा। पथ परिवहन निगम में आने वाले एक वर्ष में लगभग 350 इलेक्ट्रिक बसों को पहले चरण में शामिल करने जा रहे हैं। एचआरटीसी का पूरा विंग डीजल से हटाकर इलेक्ट्रिकल कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूली शिक्षा को और बेहतर करने के लिए हम अगले वर्ष सौ स्कूल से ज्यादा को सीबीएसई में करने जा रहे हैं।
कोराेना मामले पर मांगी जानकारी
सीएम ने प्रदेश में कोराेना मामले पर कहा कि नाहन में एक बुजुर्ग महिला में कोरोना के लक्षण मिले हैं। महिला को कोई बाहरी हिस्ट्री नहीं है। स्वास्थ्य विभाग से जानकारी मांगी है, जो भी होगा उचित फैसला लिया जाएगा।
ओपीएस कर्मचारियों का हक है, इसे बंद नहीं किया जाएगा
सीएम ने कहा कि प्रदेश में ओपीएस लागू करने के कारण केंद्र सरकार ने पहले साल 1600 करोड़ रुपये का कट लगा दिया और दूसरे साल 1600 करोड़ का कट लगाया। केंद्र ने कहा है कि यदि आप 1600 करोड़ रुपये चाहते हैं तो क्या आप यूपीएस की तरफ बढ़ना चाहेंगे। इस विषय पर अभी विचार-विमर्श करना है, लेकिन अभी हम ओपीएस से वापस नहीं जा रहे हैं। यदि हमने राजनीतिक फायदे के लिए ओपीएस देनी होती तो हम इसे सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में मंजूरी नहीं देते। ओपीएस कर्मचारियों का हक है उसे बंद नहीं किया जाएगा। शीघ्र ही कर्मचारियों को डीए भी दे दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र ने चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का आयोजन करने वाली राशि को बंद कर दिया था जिसे हमने इस कार्यक्रम का फिर से आयोजन करने के लिए बजट का प्रावधान किया है।
233.55 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को देहरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 233.55 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। सीएम ने विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता संचालन सर्किल का लोकार्पण किया। राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में 7.26 करोड़ रुपये से निर्मित प्रशासनिक एवं शैक्षणिक ब्लॉक, 38 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले परिधि गृह भवन, नागरिक अस्पताल देहरा में 26.82 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट ब्लॉक, देहरा में 99 करोड़ रुपये की लागत से संयुक्त कार्यालय भवन, 4.73 करोड़ रुपये की लागत से वन विश्राम गृह, देहरा आदि का शिलान्यास किया।
खबरों के तथ्य में जाना जरूरी है, महज भ्रामक प्रचार करना जरूरी नहीं
सीएम ने कहा कि सोशल मीडिया को सोच समझ कर काम करना है। भाजपा की केंद्र सरकार ने भारतीय न्याय संहिता नई बनाई है उसमें कहा गया है कि जो पत्रकार गलत खबर प्रकाशित करेगा अब उस खबर की सत्यता पत्रकार को स्वयं सत्यापित करनी पड़ेगी। सोशल मीडिया पर जो खबरें करते हैं उन्हें खबरों के तथ्य में जाना जरूरी है। महक भ्रामक प्रचार करना जरूरी नहीं है। सचिवालय में नियम बना दिया है उस नियम के तहत उन्हें आगे आने दिया जाता है।
