(AU)
अब काशी की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ का विशेष एकादश उपहार तैयार करेंगी। 11 तरह के अनूठे प्रसाद और पूजन सामग्रियों से ये विशेष उपहार तैयार किए जाएंगे।
यह पहल न केवल स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि भक्तों और पर्यटकों को भी काशी की प्रामाणिक सामग्री की दिव्यता का अनूठा अनुभव प्रदान करेगी। इसे एकादश उपहार का नाम दिया गया है। इस उपहार की सामग्री व बिक्री स्थल पर अभी विचार चल रहा है।
ग्रामीण आजीविका मिशन के उपायुक्त (स्वतः रोजगार) पवन कुमार सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अभिनव परियोजना पर काम कर रही हैं। भगवान शिव को चढ़ाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के प्रसाद, शिवलिंग, रुद्राक्ष की माला समेत 11 सामग्री से एकादश उपहार तैयार किया जाएगा।
इन उपहारों को एक आकर्षक तरीके से पैक किया जाएगा, जिसे भक्तगण और पर्यटक स्मृति चिह्न के रूप में खरीद कर अपने साथ ले जा सकेंगे। इस कार्य से स्वयं सहायता समूह की लगभग 100 महिलाओं को रोजगार मिलेगा।
