(DJ)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (मंगलवार) से सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। वह सोमवार सऊदी अरब के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार को पीएम मोदी ने अरब न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि भारत अपने कच्चे तेल का लगभग 18% सऊदी अरब से आयात करता है, जो हमारे लिए कच्चे तेल का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत है। अब हम एक करीबी रणनीतिक साझेदारी की ओर बढ़ रहे हैं जिसमें डाउनस्ट्रीम तेल और गैस परियोजनाओं में सऊदी निवेश शामिल होगा।
उन्होंने आगे कहा कि हम ऊर्जा आवश्यकताओं के महत्वपूर्ण और विश्वसनीय स्रोत के रूप में किंगडम (सऊदी अरब) की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आदर करते हैं। हमारा मानना है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के विकास के लिए, विशेष रूप से विकासशील देशों के लिए स्थिर तेल की कीमतें महत्वपूर्ण हैं। पीएम ने कहा कि सऊदी अरामको भारत के पश्चिमी तट पर एक बड़ी रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परियोजना में भाग ले रहा हैं। हम भारत के सामरिक पेट्रोलियम भंडार में अरामको की भागीदारी के लिए भी उत्सुक हैं।