भारतीय जनता पार्टी बिहार में अपना चुनावी अभियान दिवाली के बाद और तेज करने वाली है। हाल ही में अमित शाह बिहार से दिल्ली लौटे हैं, लेकिन दिवाली के बाद वे फिर बिहार में सक्रिय नजर आएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 23 अक्टूबर से चुनावी अभियान का बिगुल फूकेंगे और कई रैलियां करेंगे। साथ ही, कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस दौरान चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे। बिहार में इस बार विधानसभा का चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया खत्म हो चुकी है और दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया सोमवार को खत्म होने वाली है।
PM मोदी करेंगे 12 जनसभाएं संबोधित
हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने बिहार चुनाव में प्रधानमंत्री की जनसभाओं से संबंधित कार्यक्रमों की सूची जारी की है। पीएम मोदी 23 अक्टूबर से अपना चुनावी अभियान शुरू करेंगे। इस दिन वे सासाराम, गया और भागलपुर में सभाएं करेंगे। वहीं 28 अक्टूबर को दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में रहेंगे। साथ ही 1 नवंबर को छपरा, पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर में प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगेंगे। पीएम मोदी की आखिरी रैली 3 नवंबर को होगी। इस दिन वे पश्चिमी चंपारण, सहरसा और अररिया में चुनाव प्रचार करेंगे।
मैदान में होंगे कई दिग्गज
PM मोदी के अलावा BJP के कई दिग्गज नेता मैदान में उतरेंगे और चुनाव प्रचार करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह बिहार में 25 रैलियां करेंगे। इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी भी प्रचार में उतरेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तो रैलियां शुरू भी कर दी हैं। योगी की डिमांड भी प्रत्याशियों की तरफ से खूब की जा रही है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी चुनाव प्रचार में दिखाई देंगी। दिवाली के बाद NDA की पूरी फौज मैदान में उतरेगी।
