महागठबंधन ने देर से ही सही, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करते हुए तेजस्वी यादव के नाम की घोषणा की थी। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री का उम्मीदवार कौन होगा। हालांकि अब इन सवालों पर विराम लग गया है। गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बड़ा ऐलान किया है। इस ऐलान के बाद महागठबंधन का उत्साह अब कम होता नजर आ सकता है।
सीएम के लिए कोई सीट खाली नहीं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि राजनीति में “कोई सीट खाली नहीं है”। बिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, “सीएम या पीएम कोई सीट खाली नहीं है… यहां नीतीश कुमार हैं, वहां पीएम मोदी हैं।” शाह का यह बयान विपक्षी खेमे में नेतृत्व की महत्वाकांक्षाओं को लेकर चल रही अटकलों के बीच आया है। नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री बने रहने और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बने रहने पर जोर देकर शाह ने राज्य में किसी भी राजनीतिक बदलाव या नए सत्ता समीकरण की अफवाहों पर विराम लगा दिया है।
पीएम मोदी की भी तारीफ की
अपने भाषण के दौरान शाह ने बिहार की छवि निखारने और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न प्रदान करके राज्य की विरासत का सम्मान करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह कदम भारत के लोकतांत्रिक और सामाजिक विकास में बिहार के योगदान के प्रति केंद्र के सम्मान को दर्शाता है।
केंद्र के कड़े फैसलों की सराहना करते हुए अमित शाह ने कहा, “पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया।” साथ ही उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि सरकार ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) पर प्रतिबंध लगाया है और उसके सदस्यों को हिरासत में लिया है।
दरभंगा की 10 सीटों पर जीत दिलाने की अपील
केंद्रीय गृह मंत्री ने बिहार की जनता से आगामी विधानसभा चुनावों में एनडीए की निर्णायक जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया। शाह ने कहा, “पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को है। क्या आप सभी हमें वोट देंगे? आइए, दरभंगा की सभी 10 सीटों पर एनडीए को जिताने का संकल्प लें। मिथिला की बेटी मैथिली ठाकुर यहां से चुनाव लड़ रही हैं और मैं लालू यादव की पार्टी को बताना चाहता हूं कि मैथिली ठाकुर ही जीतेंगी।”
बाद में शांतिपुर में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि बिहार को नीतीश कुमार और चिराग पासवान के नेतृत्व के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी का आशीर्वाद प्राप्त है, जिससे राज्य में राजग की स्थिति मजबूत होगी।
