(Hindustan)
चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में जमकर बर्फबारी हुई है। केदारनाथ धाम में शनिवार देर रात से रविवार दोपहर तक बर्फबारी जारी रही। केदारनाथ धाम में करीब एक फीट नई बर्फ जमा हो गई है। वहीं बदरीनाथ और हेमकुंड में भी बर्फबारी हुई। बर्फबारी और खराब मौसम के कारण केदारनाथ में यात्रा व्यवस्थाओं में जुटे अफसर और कर्मचारियों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
रविवार को भी केदारनाथ धाम में सुबह से लेकर दोपहर तक बर्फ गिरती रही। इसके बाद तेज हवा और बारिश भी हुई। मौसम के कारण यात्रा व्यवस्थाओं में जुटे अधिकारी कर्मचारी काफी परेशान रहे। हालांकि उनके द्वारा लगातार तैयारियां की जा रही है। केदारनाथ मंदिर और आसपास करीब एक फीट बर्फ जमा हो गई। वहीं यात्रा मार्ग पर भी कई स्थानों पर बारिश से आवाजाही में परेशानियां हुई। निम के कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि बीते छह दिनों से केदारनाथ में बारिश और बर्फबारी हो रही है जिससे मौसम ठिठुरनभरा हो गया है। कुछ दिनों से केदारनाथ में फिर बर्फ देखने को मिल रही है।
