मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सुर्यकण्ड धाम नगर में 4.52 करोड़ से बने शहर के दूसरे कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर समारोह में मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने जल संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन, स्मार्ट सिटी की अवधारणा और नागरिक सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न संकटों से निपटने के लिए नदियों के पुनर्जीवन और पौधारोपण अभियान को जरूरी बताया और जनता से व्यापक भागीदारी की अपील की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नदियां कभी हमारे जीवन की धमनियों के समान थीं, लेकिन आज वे लुप्त होती जा रही हैं। अगर समय रहते इन्हें पुनर्जीवित नहीं किया गया, तो आने वाले समय में जल संकट एक बड़ी चुनौती बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि नदियों के कैचमेंट एरिया में बड़े पैमाने पर पौधारोपण जरूरी है। एक पेड़ मां के नाम अभियान को भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम बताते हुए उन्होंने इसे अपनाने की अपील की। यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से यह अभियान न केवल पर्यावरण रक्षा बल्कि हमारी संस्कृति और पूर्वजों के प्रति सम्मान का प्रतीक भी बन सकता है।
