बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होने वाला है। ऐसे में पहले चरण के नामांकन का आज आखिरी दिन है। आज कई बड़े उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होगा। गृह मंत्री अमित शाह आज से भाजपा के चुनाव अभियान को रफ्तार देंगे। बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर आए शाह सारण जिले के अमनौर और तरैया विधानसभा क्षेत्रों में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
मैथिली ठाकुर अलीनगर से करेंगी नामांकन
मशहूर लोकगायिका और बिहार के सबसे चर्चित चेहरों में से एक मैथिली ठाकुर आज अलीनगर सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इसके अलावा, जमुई सीट से भाजपा उम्मीदवार श्रेयसी सिंह भी अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस मौके पर जीतन राम मांझी, सर्बानंद सोनोवाल और विजय सिन्हा मौजूद रहेंगे।
मंत्री रेणु देवी और विनय बिहारी भी करेंगे नामांकन
एकमा विधानसभा क्षेत्र से जदयू नेता धूमल सिंह आज नामांकन करेंगे। इसके अलावा, कई मशहूर गानों के लेखक, फिल्म निर्देशक और राजनीतिज्ञ विनय बिहारी लौरिया विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा ने चौथी बार विनय बिहारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। बिहार सरकार में मंत्री रेणु देवी बेतिया से, बेगूसराय से भाजपा उम्मीदवार कुंदन कुमार और गोपालपुर से जदयू उम्मीदवार बुलो मंडल आज नामांकन करेंगे।
