(AU)
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जगत प्रकाश नड्डा आज आगरा में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के समर्थन में आयोजित रैली से पूर्णकालिक अध्यक्ष के तौर पर अपनी सियासी पारी की शुरुआत करेंगे। राजनाथ सिंह जैसे उत्तर प्रदेश के नेताओं को छोड़ दें और दूसरे प्रदेशों के उन अन्य लोगों को भी अलग कर दें जो इस समय प्रदेश के कोटे से सांसद व मंत्री हैं तो बीते पांच साल में नड्डा ऐसे तीसरे नेता हैं जो बतौर भाजपा के नेतृत्वकर्ता यूपी से सियासी पारी शुरू करने जा रहे हैं। नड्डा से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अमित शाह ने भी राष्ट्रीय नेतृत्व संभालने की शुरुआत यूपी से ही की थी।वैसे तो नड्डा नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर शुरू हो रहे उत्तर प्रदेश में जनजागरण की शुरुआत करने गाजियाबद आ चुके हैं। पर, तब वह भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष थे। देश के गृहमंत्री अमित शाह ही तब भाजपा के पूर्णकालिक निर्वाचित अध्यक्ष थे।
