केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज एक बार फिर बिहार में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। कल भी उन्होंने रैली को संबोधित किया था। बिहार में इस बार दो चरणों में मतदान होने वाला है। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी। पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान किया जाएगा। चुनाव की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कल बिहार में चुनावी बिगुल फूंका था।
तीन रैलियों को करेंगे संबोधित
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पहली रैली खगड़िया के जननायक कर्पूरी ठाकुर मैदान में होगी। दूसरी जनसभा मुंगेर के नौवागढ़ी हाई स्कूल मैदान में आयोजित की जाएगी। वहीं, तीसरी और आखिरी रैली नालंदा के श्रम कल्याण मैदान में होगी। इन तीनों रैलियों में आसपास के जिलों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कल भी किया था दो जगह चुनाव प्रचार
गृह मंत्री अमित शाह बिहार चुनाव को लेकर सबसे ज्यादा एक्टिव नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को भी उन्होंने दो रैलियों को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने सीवान और बक्सर में जनसभाएं कीं और उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने भी हाजीपुर में रैली की थी।
पीएम मोदी ने भी भरी थी हुंकार
गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को बिहार में हुंकार भरी थी। इस दौरान उन्होंने दो रैलियों को संबोधित किया था। जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली का आगाज किया था। वहीं, दूसरी रैली बेगूसराय में की थी। इस दौरान उन्होंने विपक्षी महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। इसके अलावा पीएम मोदी 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में भी रैलियों को संबोधित करेंगे और भाजपा-एनडीए के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।
