(Hindustan)
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने चारधाम यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यात्रा के लिए सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि गंगोत्री और यमुनोत्री के बाद गुरुवार को केदारनाथ तथा शुक्रवार को बदरीनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए चारधाम सड़क निर्माण कार्य रोक दिया गया है। केदारनाथ पुनर्निर्माण का कार्य 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, अवशेष पुनर्निर्माण के कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।
केदारनाथ धाम में पूजा सामग्री आदि ले जाने में एयर फोर्स की ओर से मदद की जा रही है। बदरीनाथ में विवेकानंद स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं। सीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से चारधाम यात्रा मार्गों पर हर दो किलोमीटर पर चिकित्सकों की तैनाती कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों के संवेदनशील स्थानों पर लोक निर्माण विभाग, सीमा सड़क संगठन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को सतर्क रहने तथा समन्वय से कार्य करने को कहा गया है। चार धाम यात्रा को पॉलीथिन मुक्त बनाने की व्यवस्था की जा रही है।
